जम्मू और कश्मीर

Jammu: पत्रकारिता में कौशल बढ़ाने हेतु पीआईबी जम्मू ने कार्यशाला का आयोजन

Admindelhi1
13 March 2026 1:24 AM IST
Jammu: पत्रकारिता में कौशल बढ़ाने हेतु पीआईबी जम्मू ने कार्यशाला का आयोजन
x

जम्मू: जम्मू में प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने प्रेस क्लब में “एआई इम्पैक्ट समिट 2026” विषय पर ‘वार्ता’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों को मीडिया क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती भूमिका के प्रति जागरूक करना और उनकी क्षमता को विकसित करना था। कार्यशाला में पत्रकारों के लिए एआई टूल्स के उपयोग पर विशेष क्षमता निर्माण सत्र भी आयोजित किया गया, जिससे न्यूज़रूम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस अवसर पर पीआईबी जम्मू की निदेशक नेहा जलाली ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का मुख्य उद्देश्य एआई तकनीक की पहुंच बढ़ाना, उसका लोकतांत्रिक उपयोग सुनिश्चित करना और जिम्मेदारी के साथ उसका प्रयोग करना है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज मीडिया और संचार सहित लगभग हर क्षेत्र को प्रभावित कर रही है इसलिए मीडिया पेशेवरों को बदलती तकनीकी परिस्थितियों के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने बताया कि एआई पत्रकारिता में उत्पादकता बढ़ाने, कंटेंट निर्माण को बेहतर बनाने और फैक्ट-चेकिंग को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

नेहा जलाली ने बताया कि सरकार राष्ट्रीय एआई मिशन के तहत कई पहल कर रही है। भारतएआई मिशन, युवा एआई और सोअर जैसी पहल तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाने और डिजिटल अंतर को कम करने में मदद करेंगी। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पहल के तहत इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी की स्थापना का भी उल्लेख किया। प्रेस क्लब जम्मू के उपाध्यक्ष जोरावर सिंह जम्वाल ने कहा कि पत्रकारिता तेजी से बदल रही है और मीडिया पेशेवरों के लिए एआई तकनीकों को समझना और जिम्मेदारी के साथ उनका उपयोग करना जरूरी हो गया है।

भारतीय जनसंचार संस्थान के प्रोफेसर विनीत उत्पल ने कहा कि एआई वैश्विक मीडिया इकोसिस्टम को तेजी से बदल रही है। उन्होंने बताया कि एआई आधारित टूल्स डेटा विश्लेषण, ऑटोमेशन और कंटेंट जनरेशन के माध्यम से पत्रकारिता को नई दिशा दे रहे हैं। वहीं आईआईएमसी जम्मू के सहायक प्रोफेसर भवानी सिंह ने प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और पत्रकारिता में एआई टूल्स के उपयोग पर प्रकाश डाला तथा एआई एथिक्स के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में 25 टेक्नोआर्ट्स के बिजनेस हेड दिव्यवसु शर्मा ने संकट संचार और जनभावनाओं के विश्लेषण में एआई की उपयोगिता पर जानकारी दी।

इससे पहले मीडिया एवं कम्युनिकेशन ऑफिसर जाकिर नजीर ने स्वागत भाषण में बताया कि एआई इम्पैक्ट समिट में करीब 6 लाख लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया जबकि 9 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन कार्यक्रम देखा। उन्होंने बताया कि इस समिट में 100 से अधिक देशों और 20 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और 92 देशों ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट घोषणा का समर्थन किया। कार्यशाला में 40 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया और एआई के जिम्मेदार उपयोग, कंटेंट निर्माण, डेटा विश्लेषण और फैक्ट-चेकिंग से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

Next Story