जम्मू और कश्मीर

Jammu: ओबीसी मोर्चा ने चयन में भेदभाव का लगाया आरोप

Admindelhi1
16 Dec 2025 12:50 PM IST
Jammu: ओबीसी मोर्चा ने चयन में भेदभाव का लगाया आरोप
x

जम्मू: भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती ने संतोष ट्रॉफी के लिए खिलाड़ियों के चयन में पक्षपात और भेदभाव का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा उनकी सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान जम्मू-कश्मीर टीम का चयन पूरी तरह कश्मीर आधारित खिलाड़ियों से किया गया है, जबकि जम्मू संभाग के योग्य खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया। सत्ती ने इसे एनसी सरकार की जम्मू-विरोधी मानसिकता का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह केवल खेल से जुड़ा मामला नहीं, बल्कि जम्मू संभाग के साथ खुला भेदभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही क्षेत्र से पूरी टीम का चयन करना समानता और न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि जम्मू संभाग ने हमेशा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन ऐसे फैसले युवाओं का मनोबल तोड़ते हैं। साथ ही उन्होंने सरकार पर खेल क्षेत्र में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ी आज भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं। भाजपा ओबीसी मोर्चा ने संतोष ट्रॉफी टीम चयन में तत्काल हस्तक्षेप, पारदर्शी प्रक्रिया और जम्मू-कश्मीर दोनों संभागों को समान प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय भेदभाव के खिलाफ मोर्चा अपनी आवाज लगातार बुलंद करता रहेगा।

Next Story