जम्मू और कश्मीर

Jammu: एनसी सरकार पर लापरवाही का आरोप

Admindelhi1
24 March 2026 2:38 AM IST
Jammu: एनसी सरकार पर लापरवाही का आरोप
x

जम्मू: जम्मू पूर्व के विधायक युद्धवीर सेठी ने सोमवार को उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली एनसी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अपने क्षेत्र की छह पंचायतों में गहराते जल संकट को उजागर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों की मौजूदगी में सेठी ने कहा कि यह मुद्दा राजनीतिक लाभ के लिए नहीं बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे दावे जमीनी हकीकत से बिल्कुल अलग हैं और जल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

सेठी ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका है। उन्होंने कहा कि लोग बार-बार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन फोन तक नहीं उठाए जा रहे जो प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि माजीन, सिधरा और रोगोरा में पंप ट्रांसफार्मर खराब होने से पानी की सप्लाई बंद है जबकि जगती-टांडा में डेढ़ साल से पानी नहीं मिल रहा और लोग टैंकरों पर निर्भर हैं। अंथाम में 15 दिन में एक बार पानी मिल रहा है जिससे लोगों को निजी टैंकरों पर खर्च करना पड़ रहा है।

बाजालता वार्ड नंबर-1 और कूपर में पिछले 20 दिनों से मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति ठप है। इसके अलावा पेंगली, धम्मी और तोता दी खुई में भी मोटर खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपर खन्ना शरगल और मोहाली सिंदूरी गांव में अब तक पाइपलाइन व्यवस्था भी पूरी नहीं हो पाई है। सेठी ने कहा कि रमजान और नवरात्र जैसे पवित्र अवसरों पर पानी की कमी होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगामी विधानसभा सत्र में यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो पीएचई विभाग का घेराव भी किया जाएगा। प्रेस वार्ता में मौजूद स्थानीय लोगों ने भी विधायक के आरोपों का समर्थन करते हुए जल्द से जल्द नियमित जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

Next Story