जम्मू और कश्मीर

Jammu: जम्मू और नेपाल की यूनिवर्सिटी के बीच सहयोग के लिए एमओयू साइन

Admindelhi1
11 March 2026 1:20 AM IST
Jammu: जम्मू और नेपाल की यूनिवर्सिटी के बीच सहयोग के लिए एमओयू साइन
x

जम्मू: सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी, नेपाल के बीच एक औपचारिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के कुलपति प्रो. संजीव जैन और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी नेपाल के कुलपति प्रो. दीपक आर्यल मौजूद रहे। इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक और शोध क्षेत्रों में आपसी सहयोग के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार करना है।

प्रो. संजीव जैन ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थानों के बीच सहयोग से दीर्घकालिक और सार्थक साझेदारी विकसित होती है जिससे छात्रों और शिक्षकों दोनों को लाभ मिलेगा। वहीं प्रो. दीपक आर्याल ने बताया कि त्रिभुवन यूनिवर्सिटी की स्थापना 1959 में नेपाल के पहले विश्वविद्यालय के रूप में हुई थी और यह विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों की पेशकश करता है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के साथ यह सहयोग विशेष रूप से वायुमंडलीय विज्ञान और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में शोध को नई दिशा देगा।

कार्यक्रम के दौरान त्रिभुवन यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर इंटरनेशनल अफेयर्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. विष्णु प्रसाद पांडे ने कहा कि इस एमओयू का उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शिक्षा, शोध, क्षमता निर्माण और अन्य शैक्षणिक क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू की एसोसिएट डीन (इंटरनेशनल अफेयर्स) डॉ. श्वेता यादव ने कहा कि यह साझेदारी बदलते जलवायु परिदृश्य में हिमालयी क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसकी शुरुआत हिमालयी जलवायु पर संयुक्त शोध से होगी। विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक्स प्रो. सूरम सिंह ने कहा कि इस समझौते से छात्र आदान-प्रदान, विशेषज्ञता साझा करने और संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा।

Next Story