- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Jammu: जेवेद राणा ने...
Jammu: जेवेद राणा ने पीएमजीएसवाई कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

जम्मू: जल शक्ति, वन पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण और जनजातीय मामलों के मंत्री जेवेद अहमद राणा ने मेंढर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
सिविल सचिवालय जम्मू में पीएमजीएसवाई कार्यों की समीक्षा करते हुए राणा ने अधिकारियों से जारी परियोजनाओं की प्रगति और टेंडर प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने के साथ निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने हाल की बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़कों की बहाली को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने पात्र क्षतिग्रस्त सड़कों को पीएमजीएसवाई के तहत शामिल करने की प्रक्रिया और टेंडरिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में जल्द से जल्द यातायात संपर्क बहाल हो सके। राणा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से दूरदराज की आबादी को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बाधाओं को दूर कर ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर तक संपर्क सुनिश्चित करने के लिए परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने को कहा।





