- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Jammu: स्वास्थ्य...
Jammu: स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचीं गांव-गांव, मेडिकल कैंप में हुई जांच और परामर्श

जम्मू: अखनूर के मिलन दी खुई गांव में डोर-टू-डोर मेडिकल कैंप का आयोजन कर ग्रामीणों को उनके घरों तक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस पहल के तहत सेना की समर्पित चिकित्सा टीम ने घर-घर जाकर लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा नेत्र जांच की। मेडिकल कैंप का उद्देश्य विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और उन लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था जिन्हें स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। घर-घर जाकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने से जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार और चिकित्सकीय सलाह मिल सकी।
भारतीय सेना की इस पहल ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाया बल्कि सामुदायिक सेवा की भावना को भी मजबूत किया। ग्रामीणों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविर दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। भारतीय सेना ने इस अवसर पर दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सेना ने समाज की सेवा में समर्पित सभी चिकित्सकों और चिकित्सा टीमों के योगदान को भी सम्मानपूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।





