जम्मू और कश्मीर

Jammu: जीजीएम साइंस कॉलेज की पहल, स्वास्थ्य जांच शिविर में सेवा

Admindelhi1
13 March 2026 1:10 AM IST
Jammu: जीजीएम साइंस कॉलेज की पहल, स्वास्थ्य जांच शिविर में सेवा
x

जम्मू: जम्मू स्थित जीजीएम साइंस कॉलेज की एनएसएस यूनिट्स और उन्नत भारत अभियान समिति द्वारा मखनपुर गांव में नि:शुल्क मेडिकल हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर हेक्सामेड डायग्नोस्टिक सेंटर, छन्नी हिम्मत के सहयोग से लगाया गया जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। शिविर के लिए मेडिकल टीम और एनएसएस स्वयंसेवकों को कॉलेज परिसर से प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने वरिष्ठ संकाय सदस्यों की उपस्थिति में रवाना किया। उन्होंने इस पहल को सामुदायिक सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

शिविर से पहले एनएसएस स्वयंसेवकों और उन्नत भारत अभियान समिति के सदस्यों ने गांव में घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी और उन्हें मुफ्त स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने मरीजों के पंजीकरण और परामर्श प्रक्रिया में डॉक्टरों की सहायता कर कार्यक्रम को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हेक्सामेड डायग्नोस्टिक सेंटर के अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। डॉक्टरों ने लोगों को संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।

शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कॉलेज व मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. जतिंदर कौर (कन्वीनर, उन्नत भारत अभियान समिति) की देखरेख में किया गया जबकि डॉ. नेहा शर्मा और डॉ. राहुल कैत एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। अंत में मेडिकल टीम और एनएसएस स्वयंसेवकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

Next Story