- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Jammu: गवर्नमेंट...
Jammu: गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में पांच दिवसीय सिविल डिफेंस ट्रेनिंग शुरू

जम्मू: आपदा से निपटने की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सिविल डिफेंस जम्मू ने गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज बिक्रम चौक जम्मू में पांच दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया। इस प्रशिक्षण में कॉलेज के लगभग 100 छात्र भाग ले रहे हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डिप्टी एसपी ज़िया-उल-हक, डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस जम्मू के पर्यवेक्षण में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को प्राथमिक उपचार, आग लगने की घटनाओं की रोकथाम, प्रबंधन और नियंत्रण, सांप के काटने, चोकिंग तथा अन्य बुनियादी जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही हवाई हमले और प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले बचाव उपायों के बारे में भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस जिया-उल-हक ने सिविल डिफेंस की भूमिका और इस प्रकार के प्रशिक्षण के महत्व पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं डिप्टी चीफ वार्डन सिविल डिफेंस आर. विजय मगोत्रा ने भी सिविल डिफेंस वार्डन सेवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कॉलेज के प्रिंसिपल इंजीनियर तलत महमूद ने संस्थान में इस तरह का प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए सिविल डिफेंस टीम की सराहना की और कहा कि इससे छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस जम्मू के पोस्ट वार्डन रमेश शर्मा, संदीप सिंह (एचओडी सिविल इंजीनियरिंग), तारिक अमीन खांडे (एचओडी एनटी), संजय गुप्ता (एचओडी इलेक्ट्रिकल), राज कुमार (एचओडी मैकेनिकल), राज शेखर (एचओडी ऑटोमोबाइल), संजय कौल (एचओडी कंप्यूटर एंड साइंसेज), रानी देवी (एचओडी एमएलटी) और खेल शिक्षक चमैल सिंह सहित कई शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।





