जम्मू और कश्मीर

Jammu: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के राष्ट्रीय चरण में जम्मू की बेटियों ने बनाई जगह

Admindelhi1
17 Jun 2026 11:03 AM IST
Jammu: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के राष्ट्रीय चरण में जम्मू की बेटियों ने बनाई जगह
x
यूथ पार्लियामेंट 2026 के राष्ट्रीय चरण में पहुंचीं जम्मू की दो छात्राएं

जम्मू: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा माई भारत के माध्यम से 15 से 17 जून तक नई दिल्ली में आयोजित किए जा रहे ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ के राष्ट्रीय चरण में जम्मू की दो प्रतिभाशाली युवतियों हेमन्या पुरी और भावना शर्मा का चयन हुआ है। दोनों प्रतिभागियों ने जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर तक अपनी जगह बनाई है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भागीदारी को मजबूत करने और उन्हें शासन व्यवस्था तथा संसदीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय चरण में प्रतिभागी “नारी शक्ति वंदन: समावेशिता और विकसित भारत 2047 को गति प्रदान करना” विषय पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में संसदीय बहस, प्रश्नकाल सत्र, नेतृत्व विकास मास्टरक्लास तथा प्रधानमंत्री संग्रहालय और नए संसद भवन का भ्रमण भी शामिल है। कार्यक्रम का उद्घाटन 16 जून को संसद के केंद्रीय कक्ष में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया और युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे भी उपस्थित रहेंगी।

हेमन्या पुरी और भावना शर्मा का चयन जम्मू-कश्मीर के युवाओं की बढ़ती प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय विमर्श में उनकी सक्रिय भागीदारी का प्रतीक माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि न केवल जम्मू क्षेत्र बल्कि पूरे केंद्र शासित प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करती है।

Next Story