- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Jammu: एनआईटी श्रीनगर...
Jammu: एनआईटी श्रीनगर में 14 मार्च को डिजिटल नवाचार पर सम्मेलन

जम्मू: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 14 मार्च को “बीआईएस-फॉस एनआईटी श्रीनगर – ओपन स्टैंडर्ड समिट” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो के विशेषज्ञ, उद्योग से जुड़े पेशेवर और विद्यार्थी डिजिटल तकनीक में ओपन स्टैंडर्ड और ओपन सोर्स तकनीकों की भूमिका पर चर्चा करेंगे। यह कार्यक्रम संस्थान के फोस्स क्लब के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है जिसमें तकनीकी व्याख्यान, हैकाथॉन और विभिन्न प्रायोगिक गतिविधियां आयोजित होंगी। इन सत्रों के माध्यम से छात्रों को राष्ट्रीय मानक ढांचे और भारत की डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रणाली के बारे में जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में उद्योग और बीआईएस के विशेषज्ञ डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, ओपन स्टैंडर्ड तथा एंटरप्राइज फ्री एंड ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर पर व्याख्यान देंगे। वहीं एस. यासर काज़मी इंटरनेट और संचार तकनीक के विकास तथा जम्मू-कश्मीर में वैश्विक तकनीकी मानकों को अपनाने के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे। समिट का मुख्य आकर्षण “स्टैंडर्ड-ए-थॉन” हैकाथॉन होगा, जिसमें छात्र टीम बनाकर आईएसआई प्रमाणन चिन्ह के सत्यापन से जुड़े नवाचारपूर्ण एप्लीकेशन विकसित करेंगे। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा प्रतिभागियों को ड्राफ्ट स्टैंडर्ड्स तैयार करने की प्रक्रिया से भी परिचित कराया जाएगा जिससे छात्रों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक कैसे तैयार और लागू किए जाते हैं।





