जम्मू और कश्मीर

Jammu: श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बुड्ढा अमरनाथ यात्रा तैयारियों की समीक्षा

Admindelhi1
13 July 2026 8:59 AM IST
Jammu: श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बुड्ढा अमरनाथ यात्रा तैयारियों की समीक्षा
x
बुड्ढा अमरनाथ यात्रा से पहले तैयारियों की समीक्षा, सुविधाएं होंगी और बेहतर

जम्मू: उपायुक्त पुंछ अशोक कुमार शर्मा ने रविवार को मंडी स्थित श्री बुड्ढा अमरनाथ जी मंदिर परिसर के सभागार में आगामी श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की। बैठक में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि पिछले वर्षों में यात्रा के दौरान सामने आई कमियों को इस बार दूर किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और सभी संबंधित विभागों द्वारा हर वर्ष यात्रा के सफल आयोजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बैठक में यात्रा के सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर सड़क संपर्क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शौचालय, लंगर, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा सेवाएं, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे। उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को यात्रा शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से यात्रा का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत हुसैन भट ने यात्रा के दौरान व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जाने का भरोसा दिलाते हुए आम जनता से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ताहिर मुस्तफा मलिक, सहायक आयुक्त राजस्व मोहम्मद सईद, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, श्री बुड्ढा अमरनाथ प्रबंधन समिति के सदस्य तथा मंडी क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Story