जम्मू और कश्मीर

जम्मू-कश्मीर: परीक्षा में धांधली को लेकर युवाओं में आक्रोश, इल्तिजा मुफ्ती ने जेकेएसएसबी पर उठाए सवाल

jantaserishta.com
21 Nov 2026 3:32 PM IST
जम्मू-कश्मीर: परीक्षा में धांधली को लेकर युवाओं में आक्रोश, इल्तिजा मुफ्ती ने जेकेएसएसबी पर उठाए सवाल
x
श्रीनगर: पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की कि बिना किसी देरी के सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को स्थगित किया जाए।
पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "यह बिल्कुल साफ है कि सिस्टम के भीतर गहराई तक पैठा एक संगठित भर्ती माफिया योग्यता की अनदेखी करके सरकारी नौकरियों की बोली लगवा रहा है।"
उन्होंने कहा, "कृपया बताएं कि जम्मू-कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड अभी भी 29 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा कराने पर क्यों अड़ा हुआ है? इन परीक्षाओं पर उठ रहे जायज सवालों के बावजूद आपने एडमिट कार्ड क्यों जारी किए हैं? बिना किसी देरी के सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को तुरंत स्थगित करें।"
इल्तिजा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में 'फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट' परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच यह मांग उठाई है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के खिलाफ शनिवार को भी बड़ी संख्या में युवा श्रीनगर के एसके पार्क में इकट्ठे हुए। पूर्व सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने कथित अनियमितताओं के कारण परीक्षा स्थगित करने की छात्रों की मांग पर कहा, "जब परीक्षा प्रणाली ही सवालों के घेरे में हो और घोटाले सामने आए हों, तो छात्रों को निष्पक्ष अवसर मिलने का भरोसा कैसे हो सकता है?"
उन्होंने कहा, "परीक्षाओं को स्थगित किया जाना चाहिए, अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और दोबारा परीक्षा कराने से पहले जरूरी सुधार लागू किए जाने चाहिए। प्रशासन को छात्रों से बात करनी चाहिए और उनकी चिंताओं को दूर करना चाहिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में उनका भरोसा फिर से बहाल हो सके।"
एक अभ्यर्थी साहिल ने न्यूज एजेंसी से कहा, "अनियमितताओं के कारण 2022 और 2023 में जेकेएसएसबी की तीन परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं। एक निष्पक्ष प्रक्रिया की उम्मीद के बावजूद छात्रों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हम एक पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और समान अवसर की मांग करते हैं, जहां नौकरियां योग्यता के आधार पर मिलें, न कि पैसे या भ्रष्टाचार के जरिए।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story