जम्मू और कश्मीर

Jammu Kashmir weather: चार डिग्री जम्मू का पारा, कोहरे के साथ कंपकंपा देने वाली ठंड

Kunti Dhruw
18 Dec 2021 1:28 AM GMT
Jammu Kashmir weather: चार डिग्री जम्मू का पारा, कोहरे के साथ कंपकंपा देने वाली ठंड
x
जम्मू-कश्मीर में शरीर कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।

जम्मू-कश्मीर में शरीर कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। कोहरे के साथ जम्मू जिले में ही न्यूनतम पारा 4.0 डिग्री पहुंच गया है। इससे एयरपोर्ट पर सुबह पहुंचने वाली छह उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में पारा सामान्य से छह डिग्री नीचे गिर गया है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में सर्द हवाओं से जनजीवन प्रभावित है।

लेह और कारगिल में दिन और रात का तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। बारिश न होने से सेहत भी गड़बड़ा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सर्दी से राहत मिलने वाली नहीं। जम्मू में सुबह और रात को कोहरे के कारण कुछ दूरी पर भी देखना मुश्किल हो रहा है।
ठंड का असर बाजार पर भी पड़ा है, लोग कम ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। संभाग के बनिहाल में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6, बटोत में माइनस 1.5, कटड़ा में 3.5 और भद्रवाह में माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी में शीतलहर से जिंदगी की रफ्तार थम गई है, लोग घरों में दुबके हैं।
ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। श्रीनगर में पारा सामान्य से 2.3 डिग्री गिरकर माइनस 3.8 डिग्री पहुंच गया है। सभी जिलों में न्यूनतम पारा शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 5.6 और गुलमर्ग में माइनस 8.6 डिग्री दर्ज किया गया।
कुपवाड़ा में पारा माइनस 4.4 और काजीगुंड में माइनस 3.2 चल रहा है। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 12.1 और दिन का पारा माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में न्यूनतम तापमान माइनस 11.6 और दिन का माइनस 4.2 डिग्री चल रहा है।
Next Story