जम्मू और कश्मीर

Hamirpur: फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम से प्रोफेशनल ग्रोथ को बढ़ावा

Admindelhi1
5 Aug 2025 6:34 PM IST
Hamirpur: फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम से प्रोफेशनल ग्रोथ को बढ़ावा
x

हमीरपुर: तकनीकी शिक्षा में गुणवत्ता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए, राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज हमीरपुर में सोमवार को 5 दिवसीय ऑफलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एसडीपी) आरंभ हुआ। इंट्रोडक्शन टू आईओटी एंड एआई विषय पर आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स और आईसीटी अकादमी, सी-डैक मोहाली द्वारा आयोजित किया जा रहा है तथा केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा पूर्ण रूप से प्रायोजित है।

तकनीकी शिक्षा निदेशक एवं वरिष्ठ एचएएस अधिकारी अक्षय सूद ने वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ किया। कार्यक्रम के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए अक्षय सूद ने कहा कि तकनीकी शिक्षकों को उभरती तकनीकों जैसे आईओटी (इंटरनेट आफ थिंग्स) और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में दक्ष बनाना समय की आवश्यकता है और ऐसे कार्यक्रम भविष्य की नींव तैयार करते हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईसीटी अकादमी सी-डैक मोहाली के मुख्य अन्वेषक डॉ. बलविंदर सिंह ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लेकर प्रतिभागियों को तकनीकी शिक्षा में नवाचार की आवश्यकता पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। संस्थान के प्राचार्य इंजीनियर चंद्रशेखर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश के पॉलिटेक्निक, आईटीआई और स्कूल शिक्षकों के लिए डिज़ाइन किया गया है ताकि वे आईओटी और एआई जैसी उभरती तकनीकों में दक्षता प्राप्त कर सकें। इस कार्यक्रम में कुल 46 प्रतिभागी सम्मिलित हुए हैं, जिनमें से 34 पुरुष और 12 महिला प्रतिभागी हैं। इनमें 27 प्रतिभागी पॉलिटेक्निक संस्थानों, 18 आईटीआई संस्थानों और 1 प्रतिभागी राजकीय विद्यालय से हैं।

Next Story