- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- जीएमसी कठुआ में 549...
जीएमसी कठुआ में 549 स्वीकृत पदों पर सिर्फ 280 कर्मचारी, काम का बढ़ा दबाव

कठुआ: जीएमसी कठुआ के गैर राजपत्रित कर्मचारियों का सेवा भर्ती नियमों को जल्द अधिसूचित करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑफ ऑल न्यू मेडिकल कॉलेज जम्मू-कश्मीर के बैनर तले कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि भर्ती नियमों में लंबे समय से हो रही देरी के कारण पदोन्नति, सेवा संबंधी मामलों और रोजगार की संभावनाओं पर असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू के बयान के बाद 30 सितंबर तक मॉडल भर्ती नियम अधिसूचित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद अधिसूचना जारी नहीं हुई।
कर्मचारियों के अनुसार, वर्ष 2018 में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल और 100 एमबीबीएस सीटों के लिए 549 गैर राजपत्रित पद स्वीकृत किए गए थे। वर्तमान में करीब 280 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। अस्पताल की क्षमता बढ़कर 600 बिस्तर और एमबीबीएस सीटें 150 हो चुकी हैं। इसके अलावा नर्सिंग, पैरामेडिकल, बीएचएमएस और पीजी पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।
कर्मचारियों ने रिक्त पदों को भरने, संस्थान की वर्तमान जरूरतों के अनुसार नए पद सृजित करने और भर्ती नियमों को जल्द अधिसूचित करने की मांग की है। उन्होंने उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की अपील की।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और आपातकालीन सेवाएं, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर तथा लेबर रूम सहित सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।





