जम्मू और कश्मीर

उमर अब्दुल्ला कैबिनेट में चार मंत्रियों ने संभाली नई जिम्मेदारी

Admindelhi1
27 Oct 2026 3:12 PM IST
उमर अब्दुल्ला कैबिनेट में चार मंत्रियों ने संभाली नई जिम्मेदारी
x
उमर सरकार का कैबिनेट विस्तार, चार नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) की कैबिनेट में फेरबदल को लेकर बना सस्पेंस मंगलवार को खत्म हो गया। श्रीनगर के लोक भवन में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के चार विधायकों अली मोहम्मद सागर, शमीमा फिरदौस, मीर सैफुल्लाह और अल्ताफ अहमद कालू ने मंत्री पद की शपथ ली।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता और अधिकारी मौजूद थे। इस बदलाव से एनसी के वरिष्ठ नेता मुबारक गुल नाखुश हैं। मंत्रिपरिषद में जगह न मिलने पर निराशा जताई है। लोक भवन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए गुल ने कहा, मैंने अब तक 30 शपथ ग्रहण समारोह देखे हैं। हर बार मुझे बाहर रखा गया और आज भी मुझे बाहर ही रखा गया है।

शमीमा फिरदौस ने कहा कि अब वह और भी कड़ी मेहनत करेंगी। कैबिनेट में शामिल होने से पहले मीर सैफुल्लाह ने इस मौके के लिए पार्टी नेतृत्व और अल्लाह का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि मैं इस मौके के लिए डॉ. फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस और अल्लाह का बहुत आभारी हूं।

उल्लेखनीय है कि चार विधायकों के मंत्रिपरिषद में शामिल होने की उम्मीद थी, जिनमें अली मोहम्मद सागर और अल्ताफ अहमद कालू प्रमुख दावेदार थे। यह बदलाव मौजूदा मंत्रियों की सूची में फेरबदल की अटकलों के बीच हुआ है। इस बीच कैबिनेट में शमीमा फिरदौस का शामिल होना एक सरप्राइज रहा, क्योंकि फेरबदल से पहले उनका नाम प्रमुख दावेदारों में नहीं था।

Next Story