जम्मू और कश्मीर

प्रदेश सरकार कश्मीर घाटी में पर्यटकों की सुविधा के लिए तय करेगी सभी होटलों का भाड़ा

Gulabi
10 Dec 2021 2:39 PM IST
प्रदेश सरकार कश्मीर घाटी में पर्यटकों की सुविधा के लिए तय करेगी सभी होटलों का भाड़ा
x
कश्मीर घाटी में पर्यटकों की सुविधा
कश्मीर घाटी में पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार अब सभी होटलों का किराया उनके वर्गीकरण के आधार पर तय करने जा रही है। किराया दरें अगले तीन साल के लिए प्रभावी रहेंगी। यह दरें पहली जनवरी 2022 से लागू होंगी। इस बीच, पर्यटन सचिव सरमद हफीज ने प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम के तहत पर्यटन क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने का निर्देश दिया है।
मंडलायुक्त कश्मीर पीके पोले ने बताया कि अक्सर कई पर्यटक शिकायत करते हैं कि होटल आप्रेटर, पौनी वाले और टैक्सी चालक उनसे ज्यादा किराया वसूलते हैं।इसलिए हमने आज सभी जिला उपायुक्तों और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर, घाटी में सभी होटलों, पौनी वालों, स्लेज वालों, टैक्सीचालकों के लिए किराया दरों को निश्चित करने का फैसला किया है। प्रत्येक होटल के लिए किराए की अधिकतम और न्यूनतम सीमा होटल की श्रेणी के अनुरूप ही होगी। किराया दरें त्रैमासिक होंगी और अगले तीन साल तक इनमें कोई बदलाव नहीं होगा।
मंडलायुक्त ने बताया कि गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, डल झील समेत विभिन्न् जगहों पर विभिन्न प्रकार की सेवाओं की भी मूल्य दरें तय की जाएंगी। पोनी वाले, स्लेज वाले, गाइड और टैक्सी चालकों के लिए भी मूल्य दरें तय की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी जिला उपायुक्तों को अपने अपने जिले में होटलों, पौनी वालों, स्लेज वालों व अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए मूल्य दरें तय करने के लिए समितियां बनाने के लिए कहा गया है। यह नयी किराया दरों का मसौदा तैयार उसे एक सप्ताह के भीतर अधिसूचित करेंगे।
उन्होंने बताया कि पर्यटन निदेशक ही किराया दरों को अंतिम रुप देते हुए अनुमोदित करेंगे। इन दरों को पहली जनवरी 2022 से पूरे कश्मीर में लागू किया जाएगा ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। हमने पर्यटन निदेशक से कहा है कि वह होटलों के वर्गीकरण के मुताबिक अधिकतम व न्यूनतम त्रैमासिक किराया दरें तय करें। त्रैमासिक किराया दरें , कश्मीर में साल भर के पर्यटन सीजनको देखते हुए तय की जा रही हैं।
ट्रैकिंग और कैंपिंग के शौकीनों के लिए भी एकल खिड़की व्यवस्था लागू की रही है। संबधित प्रशासनिक अधिकारियों को सभी कैंपिंग और ट्रैकिंग स्थलों व उनके रुट का पूरा नक्शा तैयार किया जाए। इसके साथ कैंपिग स्थलों, पार्किंग स्थलों पुलिस स्टेशनों के होर्डिंग भी विभिन्न जगहों पर लगाए जाएं।
इस बीच, पर्यटन सचिव सरमद हफीज ने प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम के तहत पर्यटन क्षेत्र के विकास से संबधित परियोजनाओं की समीक्षा कीप्। उन्होंने संबंधित पर्यटन अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्यटनस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन ढांचा व पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।
Next Story