जम्मू और कश्मीर

जम्मू में अग्निकांड, शिव मार्केट की करीब 12 दुकानें खाक

Admindelhi1
26 Oct 2026 1:25 PM IST
जम्मू में अग्निकांड, शिव मार्केट की करीब 12 दुकानें खाक
x
भीषण आग ने शिव मार्केट की 12 दुकानों को किया तबाह

जम्मू: जम्मू की शिव मार्केट में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात आग लगने से करीब 12 दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग की सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन सेवाओं की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

संबंधित विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार आधी रात के आसपास शिव मार्केट में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद दमकल की कई गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए करीब आठ से दस दमकल गाड़ियों को बुझाने के अभियान में लगाया गया। कई घंटों के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

अधिकारी के अनुसार, आग की चपेट में आने से करीब 12 दुकानें प्रभावित हुई हैं। इनमें कितनी दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हुई हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।

Next Story