जम्मू और कश्मीर

सिविल सेवा परीक्षा 2021 के अंतिम परिणाम आज घोषित, जम्मू-कश्मीर के तीन युवाओं ने लहराया परचम

Neha Dani
30 May 2022 2:41 PM GMT
सिविल सेवा परीक्षा 2021 के अंतिम परिणाम आज घोषित, जम्मू-कश्मीर के तीन युवाओं ने लहराया परचम
x
पढ़े पूरी खबर

श्रीनगर: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2021 के अंतिम परिणाम आज घोषित हो गए हैं। इसमें जम्मू-कश्मीर के तीन युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। पुंछ के मोहम्मद शब्बीर, डोडा के अंगीत सिंह और भद्रवाह के असरार अहमद किचलू ने सिविल सेवा परीक्षा 2021 को पास करने में सफलता हासिल की है।

मोहम्मद शब्बीर और अंगीत सिंह ने पहली बार इस परीक्षा को पास किया है। वहीं, असरार अहमद किचलू ने दूसरी बार इस परीक्षा को उत्तीर्ण किया है। असरार ने अपने ट्विटर अकाउंट पर रिजल्ट पोस्ट करते हुए बताया कि यहां उनकी यूपीएससी यात्रा समाप्त होती है। साथ ही उन्होंने बताया कि 2021 में उन्हें 287 वां रैंक और 2019 में उन्हें 248 वां रैंक हासिल हुआ था।
लेह/जम्म। लद्दाख के अनवर हुसैन को यूपीएससी की अंतिम चयन सूची में 600वां स्थान मिला है। अनवर ने इससे पूर्व जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वर्तमान में अनवर कारगिल जिले के द्रास में सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के पद पर तैनात हैं। वहीं, अनवर के यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने पर बाल्ती बाजार कारगिल स्थित उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
यूपीएससी सिविल सेवा 2021 के फाइनल रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है। रिजल्ट चेक करने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं। अब होम पेज पर दिखाई दे रहे सिविल सेवा 2021 से जुड़े परिणाम के लिंक पर क्लिक करें। अब आपके सामने परिणाम एक पीडीएफ के रूप में प्रदर्शित हो जाएगा।
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन बीते साल 2021 में 10 अक्तूबर को किया था। वहीं, परीक्षा के परिणाम 29 अक्तूबर को जारी कर दिए गए थे। सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 7 जनवरी, 2022 से लेकर 16 जनवरी, 2022 तक हुई थी और इसके परिणाम 17 मार्च, 2022 को जारी किए गए थे। वहीं, अतिम चरण यानी की साक्षात्कार का आयोजन 5 अप्रैल से शुरू होकर 26 मई 2022 तक हुई थी।
आईएएस बनने के लिए उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/ संस्थान से स्नातक होना अनिवार्य है। इसके बाद उसे संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा पास करनी होती है। हर वर्ष आईएएस, आईपीएस का सपना लिए लाखों की संख्या में उम्मीदवार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में शामिल होते हैं। यह परीक्षा देश में सबसे कठिन मानी जाती है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों -प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार-- में आयोजित की जाती है। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होती है
यूपीएससी सिविल सेवा के माध्यम से चयनित उम्मीदवारों को इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), रेलवे ग्रुप ए (इंडियन रेलवे अकाउंट्स सर्विस), इंडियन पोस्टल सर्विसेज, भारतीय डाक सेवा, इंडियन ट्रेड सर्विसेज सहित अन्य सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी।
Next Story