- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- कठुआ में होर्डिंग...
कठुआ में होर्डिंग लगाने को लेकर विवाद, मजदूरों से मारपीट का आरोप

कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सावन चक में होर्डिंग लगाने को लेकर हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। होर्डिंग लगाने का ठेका लेने वाली कंपनी तक्श मीडिया के मैनेजर राजन कुमार ने कुछ युवकों पर कर्मचारियों और मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने नगर परिषद और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कंपनी ने नियमानुसार होर्डिंग लगाने का ठेका लिया था, लेकिन कर्णवीर सिंह साहिल और सन्नी ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को धमकाया और काम बंद करवा दिया। कंपनी ने काम पूरा कराने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी।
सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में कंपनी के कर्मचारियों ने दोबारा होर्डिंग लगाने का काम शुरू किया।
वहीं, मारपीट की घटना में घायल रंधीर सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे जीएमसी कठुआ से एम्स विजयपुर रेफर किया गया है। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल की शिकायत पर पुलिस ने अमनदीप सिंह एम्मी, कर्णवीर सिंह साहिल, हरसिमरण सिंह हरसी, आकाश और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार जब्त कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





