जम्मू और कश्मीर

Burdwan: विभिन्न मांगों के समर्थन में दिव्यांगों का प्रदर्शन, डीएम को दिया ज्ञापन

Admindelhi1
22 July 2026 2:25 PM IST
Burdwan: विभिन्न मांगों के समर्थन में दिव्यांगों का प्रदर्शन, डीएम को दिया ज्ञापन
x

बर्दवान: पश्चिम बंग राज्य दिव्यांग सम्मेलन की पश्चिम बर्दवान जिला कमेटी ने बुधवार को पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी को दिव्यांगों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन की ओर से बीएन आर स्थित रविंद्र नाथ टैगोर प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष अनूप कुमार सिन्हा ने कहा कि दिव्यांग अधिकार कानून 2016 लागू होने के बावजूद राज्य के दिव्यांगों को उनका पूरा अधिकार नहीं मिल रहा है।

अनूप कुमार सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा है। हमारी सबसे बड़ी मांग है कि दिव्यांगों का मासिक भत्ता बढ़ाकर कम से कम पांच हजार रुपये किया जाए। दूसरे कई राज्यों में दिव्यांगों को इससे अधिक सहायता मिल रही है, लेकिन पश्चिम बंगाल में अब भी बहुत कम भत्ता दिया जा रहा है, जिससे उनका जीवनयापन कठिन हो गया है।

उन्होंने आगे कहा, हमारी मांग है कि सभी दिव्यांगों को आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। जिन दिव्यांगों के पास अपना घर नहीं है, उन्हें सरकारी आवास योजना के तहत घर दिया जाए। इसके साथ ही सभी पात्र दिव्यांगों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ और राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी दिव्यांग बच्चों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्रत्येक स्कूल में दिव्यांग विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं और विशेष शिक्षकों की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

ज्ञापन में दिव्यांगों का मासिक भत्ता बढ़ाकर पांच हजार रुपये करने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, सभी पात्र दिव्यांगों को खाद्य सुरक्षा कार्ड देने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत कार्ड जारी करने, सरकारी योजनाओं में प्राथमिकता देने, सरकारी और निजी क्षेत्रों में आरक्षण लागू करने, दिव्यांगों के लिए यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा समाज में उनके प्रति भेदभाव समाप्त करने और जागरूकता बढ़ाने की मांग की गई है।

Next Story