जम्मू और कश्मीर

Burdwan: जोड़ाबागान में जर्जर मकान ढहने से दहशत का माहौल

Admindelhi1
29 Jun 2026 4:34 PM IST
Burdwan: जोड़ाबागान में जर्जर मकान ढहने से दहशत का माहौल
x
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची

बर्दवान: कोलकाता के जोड़ाबागान इलाके में सोमवार को एक पुराने और जर्जर मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना जोड़ाबागान थाना अंतर्गत काशीनाथ दत्त स्ट्रीट की है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय मकान के भीतर चार लोग मौजूद थे। बाद में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और पास के एक घर में अस्थायी रूप से ठहराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मकान का छज्जा, दीवार और अन्य हिस्सा टूटकर सीधे सड़क पर गिर गया। सड़क संकरी होने के कारण मलबा फैलने से रास्ता लगभग बंद हो गया। मकान की हालत पहले से ही काफी खराब थी और उसके खंभे भी क्षतिग्रस्त अवस्था में थे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने लंबे समय से इस मकान की खराब हालत को लेकर स्थानीय पार्षद और नगर निगम को शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि मकान कभी भी बड़ा हादसा करा सकता था।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। प्रशासन का कहना है कि मकान की लंबे समय तक देखभाल और रखरखाव नहीं होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। हाल के दिनों में कोलकाता में लगातार हो रही तेज बारिश और आंधी के कारण भी मकान की स्थिति और कमजोर हो सकती है।

स्थानीय निवासियों ने अब मकान के बाकी हिस्से को भी जल्द से जल्द गिराने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Next Story