जम्मू और कश्मीर

जंगलोट साउथ में जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगा ब्लॉक दिवस

Admindelhi1
5 Nov 2026 12:44 PM IST
जंगलोट साउथ में जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगा ब्लॉक दिवस
x
जनसमस्याओं के निस्तारण को जंगलोट साउथ पहुंचे डीसी

कठुआ: जिला उपायुक्त राजेश शर्मा ने बुधवार को कठुआ ब्लॉक की पंचायत जंगलोट साउथ में ब्लॉक दिवस की अध्यक्षता कर स्थानीय लोगों और पूर्व पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई) के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं।

इस दौरान लोगों ने जंगलोट मुख्य सड़क के शेष निर्माण कार्य को पूरा करने, ग्रामीण विकास विभाग की ओर से कलवर्ट बनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान करने, पीएचई मैकेनिकल विंग में कर्मचारियों की कमी, जल जीवन मिशन के तहत लंबित ट्यूबवेल चालू करने, पार्क के रखरखाव तथा कैपेक्स बजट में विकास कार्यों को शामिल करने जैसे मुद्दे उठाए। डीसी ने पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता को सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं की फील्ड रिपोर्ट तैयार करने और लंबित कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीडीओ कठुआ को क्षेत्र में कैंप लगाकर पीएमएवाई के पात्र लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं पीएचई मैकेनिकल विभाग के कार्यकारी अभियंता को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और लंबित ट्यूबवेल जल्द चालू करवाने के निर्देश दिए। डीसी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने तथा नियमित फील्ड दौरे कर आपसी समन्वय से विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। इस अवसर पर एडीडीसी सुरिंदर मोहन शर्मा, एसीडी गुलशन कुमार, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story