जम्मू और कश्मीर

FAA परीक्षा विवाद पर भाजपा का हमला, उमर सरकार से मांगा जवाब

Admindelhi1
22 Nov 2026 1:38 PM IST
FAA परीक्षा विवाद पर भाजपा का हमला, उमर सरकार से मांगा जवाब
x
JKSSB की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

जम्मू: फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (FAA) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं और हाईटेक नकल के आरोपों को लेकर जम्मू-कश्मीर की सियासत गरमा गई है। भाजपा की वरिष्ठ नेता और जम्मू की पूर्व डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने उमर अब्दुल्ला सरकार तथा जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का समर्थन करते हुए शर्मा ने कहा कि युवा वर्षों तक मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं से भर्ती व्यवस्था पर उनका भरोसा कमजोर होता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से राजनीतिक जिम्मेदारी लेने और शिक्षा मंत्री से मामले पर जवाब देने की मांग की। साथ ही कथित नकल गिरोह की निष्पक्ष और व्यापक जांच कराने की अपील की।

पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि जांच में किसी अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी रियायत की नहीं, बल्कि निष्पक्ष परीक्षा, पारदर्शिता और अपनी मेहनत के अनुरूप न्याय की जरूरत है।

Next Story