- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- Basohli: जीडीसी बसोहली...
Basohli: जीडीसी बसोहली में युवा क्षमता निर्माण अभियान खत्म

बसोहली: गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली में मिशन युवा कार्यक्रम के तहत 10 दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम के दूसरे बैच का सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह कार्यक्रम श्रम एवं रोजगार विभाग जम्मू-कश्मीर द्वारा उच्च शिक्षा विभाग जम्मू-कश्मीर के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें ब्लॉक बसोहली के नवाचार में रुचि रखने वाले युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 21 जनवरी 2026 को कॉलेज की प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने मिशन युवा की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और सतत आजीविका के अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मिशन युवा की नोडल अधिकारी एवं आंतरिक संसाधन व्यक्ति डॉ. नेहा बंद्राल ने प्रतिभागियों को मिशन के उद्देश्य और व्यापक दृष्टिकोण से अवगत कराया तथा 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम की शुरुआत मिशन युवा के थीम गीत के साथ हुई, जिसके बाद उद्यमिता एवं व्यवसाय प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को फाउंडेशनल और एडवांस्ड उद्यमिता, डिजिटल स्किल्स, वित्तीय कौशल, नेतृत्व एवं प्रबंधन कौशल तथा उन्नत डिजिटल तकनीकों से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर करियर काउंसलिंग अधिकारी सुरजीत कुमार, रोजगार परामर्श प्रकोष्ठ कठुआ ने भी मिशन युवा के उद्देश्यों पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में कुल आठ प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। आयोजकों ने कार्यक्रम को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी युवाओं के लिए नवाचार एवं स्टार्टअप आधारित वातावरण विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।





