जम्मू और कश्मीर

कृष्ण भट्ट की हत्या के बाद अब यूपी के श्रमिकों पर ग्रेनेड हमला, LeT का आतंकी गिरफ्तार

HARRY
18 Oct 2022 3:48 AM GMT
कृष्ण भट्ट की हत्या के बाद अब यूपी के श्रमिकों पर ग्रेनेड हमला, LeT का आतंकी गिरफ्तार
x

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में कश्मीरी हिंदू पूर्ण कृष्ण भट्ट की हत्या के लगभग 60 घंटे के भीतर आतंकियों ने एक और बड़ा दुस्साहस करते हुए अन्य राज्य के श्रमिकों को निशाना बनाया। आतंकियों ने शोपियां के हरमेन में रह रहे श्रमिकों के कमरे के भीतर ग्रेनेड से हमला किया। इस हमले में कानपुर के दो श्रमिकों की मौत हो गई, हांलाकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हाइब्रिड आतंकी इमरान बशीर गनी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूरे क्षेत्र की घेराबंदी हुई

एडीजीपी कश्मीर जोन विजय कुमार के अनुसार पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी जिसे गिरफ्तार किया गया उसी ने ग्रेनेड फेंका था। पुलिस के अनुसार आगे की जांच और छापेमारी जारी है।

कानपुर व अन्य प्रदेशों के हैं श्रमिक

वारदात रात करीब साढ़े बारह बजे हुई। बताया जा रहा है कि कानपुर व अन्य प्रदेशों के श्रमिक दिनभर दिहाड़ी लगाने के बाद रात को अपने कमरे में सो रहे थे। तभी आतंकियों ने मौका पाकर ग्रेनेड कमरे के भीतर दागा। इस दौरान हुए जोरदार धमाके में दो श्रमिक बुरी तरह घायल हो गए। हमले के बाद आतंकी मौके से भाग निकले।

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतकों की पहचान मुनीर अहमद और सागर अली के रूप में हुई है। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान छेड़ दिया है।

Next Story