- Home
- /
- राज्य
- /
- जम्मू और कश्मीर
- /
- सड़क चौड़ीकरण के लिए...

जम्मू: गड़खाल से परगवाल और गुरहा मनहासा को जोड़ने वाली सड़क की हालत जल्द सुधरने की उम्मीद है। इस संबंध में विधायक अखनूर मोहन लाल ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मुख्य अभियंता ब्रिगेडियर आरके मिश्रा से मुलाकात कर सड़क की खराब हालत का मुद्दा उठाया। विधायक ने बताया कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के कारण इस सड़क को काफी नुकसान पहुंचा था। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मरीजों, स्कूली बच्चों और रोजाना जम्मू आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की मरम्मत के लिए विधायक ने अपने सीडीएफ से 20 लाख रुपये भी दिए थे।
मोहन लाल ने बताया कि यह सड़क पहले लोक निर्माण विभाग के अधीन थी। अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक होने के कारण यह सड़क रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है। रखरखाव में आ रही परेशानियों को देखते हुए उन्होंने इस सड़क को बीआरओ को सौंपने की मांग उठाई थी। हाल ही में सड़क को बीआरओ के अधीन कर दिया गया है। विधायक ने कहा कि परगवाल, लाज और गड़खाल क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों के लिए यह जम्मू से जुड़ने का प्रमुख मार्ग है। इसलिए सड़क की जल्द मरम्मत जरूरी है।
ब्रिगेडियर आरके मिश्रा ने विधायक को बताया कि सड़क के चौड़ीकरण की डीपीआर तैयार की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बीआरओ इस सड़क को बेहतर बनाने के लिए काम करेगा। फिलहाल सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए तारकोल डालकर मरम्मत करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सुंदरबनी में चल रहा बीआरओ का प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद वहां की मशीनरी गड़खाल-परगवाल मार्ग पर भेजी जाएगी और काम शुरू किया जाएगा





