हिमाचल प्रदेश

शून्य भ्रष्टाचार और पूर्ण विकास है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेषता: जयराम

Shantanu Roy
28 Jun 2023 9:19 AM GMT
शून्य भ्रष्टाचार और पूर्ण विकास है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेषता: जयराम
x
मंडी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश समेत पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत के साथ 2024 में सेवा का फिर से अवसर देने जा रहा है। हिमाचल के हर बूथ से भाजपा को बढ़त मिलेगी। नेता प्रतिपक्ष ने सराज विधानसभा क्षेत्र के बगस्याड़ में मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लाइव सुना। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगठन एवं पार्टी की मजबूती के साथ-साथ सेवा और जनकल्याण के लिए भी हम सभी का मार्गदर्शन किया। प्रधानमंत्री के इस संवाद से निश्चित तौर पर पार्टी के हर कार्यकत्र्ता को जनसेवा के लिए नई ऊर्जा मिली है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के 9 वर्ष के सेवाकाल में विकास के ऐतिहासिक काम हुए हैं। प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को एक से बढ़कर एक प्रोजैक्ट दिए हैं। आज हिमाचल में नैशनल हाईवे के ही 50000 करोड़ रुपए के काम चल रहे हैं। एम्स बिलासपुर से लेकर अटल टनल, कीरतपुर-नेरचौक जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने हिमाचल को नई पहचान दी है।
बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, आयुष्मान और हिम केयर जैसी परियोजनाएं प्रधानमंत्री की जनहितैषी और दूरगामी सोच का परिणाम हैं। इतने कामों के बाद भी कोई एक पैसे के भष्टाचार का आरोप भी नहीं लगा पाया है, जबकि कांग्रेस की सरकार में इतना भ्रष्टाचार हुआ कि लोग शून्य गिनना भूल जाएं। नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाई जा रही विकास तीर्थ यात्रा के तहत 32 करोड़ रुपए की लागत से बने सीएचसी बगस्याड़ का दौरा किया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दुनिया भर में सरकार का काम होता है विकास और जनसुविधा के लिए नई-नई योजनाएं चलाना, जिससे जनता को स्थानीय स्तर पर सभी सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए काम करना चाहिए लेकिन हिमाचल में इस समय ऐसी सरकार है जो पिछली सरकार द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं और संस्थानों को बंद करके शराब के ठेके खुलवाने में रुचि ले रही है। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों को देखते हुए खोले गए 1000 से ज्यादा संस्थान सुखविंदर सिंह सरकार ने बंद कर दिए। 6000 से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकाल दिया। विकास के सारे काम ठप्प कर दिए हैं। सरकार ने 6 महीने में ही 7000 करोड़ रुपए का कर्ज ले लिया है। कर्मचारियों को समय से वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। यह सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है।
Next Story