हिमाचल प्रदेश

गोबिंद सागर झील में नहाने उतरा युवक डूबा, पुलिस ने छेड़ा सर्च अभियान

Shantanu Roy
7 Dec 2022 12:20 PM GMT
गोबिंद सागर झील में नहाने उतरा युवक डूबा, पुलिस ने छेड़ा सर्च अभियान
x
बड़ी खबर
स्वारघाट। शादी समारोह में आए एक युवक की गोबिंद सागर झील में डूबने से मौत हो गई। यहा हादसा उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत टाली के ज्योरीपत्तन घाट नामक स्थान पर घटा। बताया जा रहा है 24 वर्षीय सचिन कुमार पुत्र श्याम लाल निवासी गांव पट्टा, डाकघर कल्लर, तहसील सदर व जिला बिलासपुर टाली पंचायत के टिक्कर गांव में शादी समारोह में आया हुआ था। सचिन गोबिंद सागर झील में नहाने के लिए उतरा लेकिन वापस नहीं आया। सूचना मिलते ही एसडीएम स्वारघाट राजकुमार ठाकुर स्वारघाट पुलिस सहित मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर शव को ढूंढने के लिए सर्च अभियान चलाया लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई।
बता दें कि मंगलवार को शादी के बाद होने वाले मिलनी कार्यक्रम के लिए सचिन टिक्कर गांव पहुंचा हुआ था लेकिन इस आकस्मिक घटना से खुशियों की घड़ी मातम में तब्दील हो गई। मृतक सचिन पेशे से जेसीबी ऑप्रेटर था। देर शाम तक सचिन के शव की तलाश में गोबिंद सागर झील में स्थानीय प्रशासन का सर्च अभियान चलता रहा लेकिन अंधेरा होने के कारण बाद में यह अभियान थम गया। अब बुधवार को प्रशिक्षित गोताखोर सचिन के शव की तलाश करेंगे।
Next Story