हिमाचल प्रदेश

आधार कार्ड बनवाने अब नहीं जाना पड़ेगा चंडीगढ़, हिमाचल में 3 केंद्र शुरू

Admindelhi1
18 Nov 2026 9:58 AM IST
आधार कार्ड बनवाने अब नहीं जाना पड़ेगा चंडीगढ़, हिमाचल में 3 केंद्र शुरू
x
आधार में नाम-पता बदलवाना हुआ आसान, जानें कहां मिलेंगी सुविधाएं

शिमला: हिमाचल प्रदेश के लोगों को आधार कार्ड से जुड़े सामान्य कार्यों के लिए अब चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने प्रदेश के शिमला, मंडी और कांगड़ा में संचालित तीन आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। इन केंद्रों पर नया आधार बनवाने के साथ नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग और बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट करवाई जा सकती है।

शिमला में आधार सेवा केंद्र कसुम्पटी स्थित एसडीए कॉम्प्लेक्स के पास ईस्टलिन कॉम्प्लेक्स में संचालित है। मंडी में यह केंद्र सौली खड्ड स्थित पारस होटल के समीप और कांगड़ा में जमानाबाद रोड, तलपुरा में स्थित है। आसपास के जिलों के निवासी भी इन केंद्रों की सेवाएं ले सकते हैं।

यूआईडीएआई के अनुसार, नया आधार पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है, जबकि अन्य संशोधन और अपडेट के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है।

जिन नागरिकों को किसी विशेष कार्य से चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय जाना आवश्यक है, उन्हें यात्रा से 10 से 15 दिन पहले UIDAI सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने की सलाह दी गई है। इससे लोगों को अनावश्यक यात्रा और परेशानी से राहत मिल सकेगी।

Next Story