- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- मानसून सत्र के अंतिम...
हिमाचल प्रदेश
मानसून सत्र के अंतिम दिन भाजपा सरकार को देंगे फेयरवैल : राजेंद्र राणा
Shantanu Roy
1 Aug 2022 9:06 AM GMT

x
बड़ी खबर
धर्मशाला। मानसून सत्र के अंतिम दिन विपक्ष भाजपा सरकार को फेयरवैल पार्टी देगा। विपक्ष की ओर से सत्तासीन भाजपा सरकार को चाय-पान के लिए आमंत्रण दिया जाएगा। कांग्रेस मानसून सत्र के दौरान सरकार को घेरेगी, जिसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। प्रदेश और देश में पहले जुमलेबाजों की सरकार थी लेकिन पंजाब में अब कॉमेडी सरकार आ गई है। सरकार चलाना अनुभवी लोगों का काम है और कॉमेडी से सिर्फ लोगों का मनोरंजन ही किया जा सकता है। यह बात रविवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान सुजानपुर के कांग्रेस विधायक एवं कांगड़ा-चम्बा प्रभारी राजेंद्र राणा ने कही।
फर्जी डिग्री घोटाले के अभी भी बाहर घूम रहे बाहर
राजेंद्र राणा ने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक घोटाला 100 करोड़ रुपए से अधिक का है, लेकिन इसमें अभी तक रिकवरी मात्र 10 लाख रुपए की हो पाई है। फर्जी डिग्री घोटाला जोकि प्रदेश के एक निजी विश्वविद्यालय में घटित हुआ लेकिन उसके आरोपी अभी भी बाहर घूम रहे हैं। भाजपा के ही वरिष्ठ नेता शांता कुमार भी इस मामले को लेकर बयान जारी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर के साथ पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की घटना प्रदेश के लोगों के स्वाभिमान पर चोट है। यदि आम आदमी पार्टी ने संबंधित मंत्री को बर्खास्त नहीं किया तो विरोध स्वरूप कांग्रेस आगामी 10 दिनों के भीतर पंजाब व चंडीगढ़ में सड़कों पर उतरेगी।
भाजपा एक डूबता जहाज, कोई भी सवार होने का नहीं लेगा रिस्क
राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रेलवे विस्तारीकरण के लिए एक फूटी कौड़ी तक दिलाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है और जो भी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ बोल रहे हैं, उनके खिलाफ ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में चुनाव आने वाले हैं, मगर सरकार बेरोजगारी पर चर्चा क्यों नहीं कर रही है। राणा ने कहा कि अफवाह फैलाई जा रही है कि कांग्रेस के नेता भाजपा में शामिल होंगे लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। भाजपा एक डूबता जहाज है और कोई भी इसमें सवार होने का रिस्क नहीं लेगा।

Shantanu Roy
Next Story