हिमाचल प्रदेश

जो वादा किया, उसे पूरा करेंगे...कांग्रेस का चुनावी शंखनाद

Gulabi Jagat
15 Oct 2022 7:21 AM GMT
जो वादा किया, उसे पूरा करेंगे...कांग्रेस का चुनावी शंखनाद
x
सोलन
सोलन में आरयोजित परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि जहां-जहां भी चुनाव आने वाले होते हैं, वहां-वहां भाजपा अंत के कुछ महीनों में एक्टिव मोड पर आ जाती है। पिछले कई वर्षों से जब भी वह शिमला की ओर सडक़ मार्ग से जाती थीं, तो देखती थीं कि फोरलेन निर्माण का कार्य कितना धीमी गति से चला हुआ है। हालांकि छह माह पूर्व जब वह शिमला आई, तो पाया कि एकाएक इस कार्य में तेजी दिख रही है।
इंदिरा गांधी को था लगाव
मंच से प्रियंका गांधी ने बार-बार अपनी दादी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के हिमाचल से लगाव का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के साथ उनका विशेष लगाव था और यह केवल मानवीय ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक भी था। हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा उन्होंने ही प्रदान किया था। प्रियंका ने कहा कि उन्होंने अपनी शहादत से कुछ दिन पूर्व उन्होंने उनकी मृत्यु के बाद अस्थियों को संगम के साथ-साथ हिमालय के पर्वतों में भी विसर्जन करने की इच्छा जताई थी।
इस बार हिमाचल में कांग्रेस ही बनाएगी सरकार
स्टाफ रिपोर्टर — सोलन
ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में जहां कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा, वहीं प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने संबोधन में प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इतनी भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने सोलन से चुनावी शंखनाद किया है उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि वह कहा करते थे कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी जब हिमाचल के दौरे पर आई थीं, तो लाहुल स्पीति के लोगों ने उनसे अपनी सुविधा के लिए टनल बनाने की बात कही थी, लेकिन उनकी असमय मृत्यु से उनकी यह इच्छा अधूरी रह गई। हालांकि बाद में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने उनके इस सपने को साकार करने के प्रयास किए और केंद्र में पूर्व यूपीए सरकार के समय सोनिया गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रयासों से इसका निर्माण शुरू हुआ था। इस टनल को पहले रोहतांग टनल का नाम दिया गया था, लेकिन भाजपा ने इसका नाम बदल की इसका श्रेय लेने का प्रयास किया।
भाजपा 28 दिन की मेहमान
सोलन। प्रतिपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री ने जयराम सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार बस अब 28 दिन की मेहमान है। प्रदेश के चुनाव में मोदी आएं या योगी आएं लेकिन प्रदेश की जनता अपना मन बना चुकी है और कांग्रेस की सरकार बनना निश्चित है। उन्होंने प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी तीखे हमले किए। अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम सरकार अब कुछ दिनों के बाद जाने वाली है और प्रदेश की जनता बस यही गीत गुनगुना रही है कि 'बाबुल की दुआएं लेती जा' और कुछ दिनों में जयराम ठाकुर बस यही गाते हुए नजर आएंगे कि 'कोई लौटा दे मुझे बीते हुए दिन'। मुख्यमंत्री जयराम पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि 'जयराम तुम एक काम करो, कुर्सी छोड़ो बस आराम करो'। पिछले पांच वर्षों में जयराम सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया और बस समय की बर्बादी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए सभी को पूरी मेहनत से कार्य करना होगा।
बहुमत में आएगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रियंका गांधी आज सोलन पहुंची है और हिमाचल चुनाव का आगाज यहां से कर रही हैं। हिमाचल में इस बार कांग्रेस की जीत होगी और पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापस लौटेगी। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है और इसका जवाब देने के लिए जनता तैयार है।
भाजपा को जमकर कोसा
सोलन। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में भाजपा को खूब घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। छत्तीसगढ़ चुनाव से पूर्व 10 दिन में किसानों के ऋण माफ करने का वादा किया गया था और इसे पूरा करने के लिए दस दिन व दस घंटे नहीं, बल्कि सरकार बनने के दो घंटे के भीतर पूरा किया। छत्तीसगढ़ में ओपीएस लागू की गई।
भाजपा झूठ का पुलिंदा
सोलन। कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष व नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेहरू-गांधी परिवार ने देश की एकता व अखंडता के लिए हमेशा ही कार्य किया है और अपने प्राणों को न्यौछावर किया है। इस देश के लिए नेहरू-गांधी परिवार की सेवा, त्याग व बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। जब देश आजाद हुआ था तो उस समय देश में सुई तक नहीं बनती थी। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. नेहरू की दूरदृष्टि से हमारा देश आगे बढ़ा और उनकी नीतियों से देश समृद्धि के पथ पर चला और उनमें से भाखड़ा बांध भी सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी पहाडिय़ों के लिए खुशी की बात है कि प्रियंका गांधी ने देश में अपने घर के लिए हिमाचल को चुना है और यहां अपना आशियाना बनाया है। आज हम सभी के लिए गौरव का क्षण है कि प्रदेश की भोली-भाली जनता को प्रियंका गांधी पहली बार संबोधित करने जा रही हैं। भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ का पुलिंदा है।
Next Story