हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, येलो अलर्ट जारी

Admindelhi1
6 Oct 2026 2:05 PM IST
हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, येलो अलर्ट जारी
x
हिमाचल में मौसम विभाग की चेतावनी, आंधी-बारिश का अलर्ट

शिमला: हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले एक सप्ताह तक मौसम में बदलाव रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज से नौ अक्टूबर तक चार दिनों के लिए आंधी, गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 12 अक्टूबर तक राज्य में मौसम खराब रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार छह अक्टूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में येलो अलर्ट है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश होने का पूर्वानुमान है।

सात अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश होने की संभावना है।

आठ अक्टूबर को ऊना, बिलासपुर, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। नौ अक्टूबर को मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आठ और नौ अक्टूबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ बारिश और गरज-चमक होने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने 10, 11 और 12 अक्टूबर को भी राज्य में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। इन तीन दिनों के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है।

बारिश का असर कृषि और पर्यटन गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। अक्टूबर में होने वाली बारिश से सेब सीजन के अंतिम चरण और निचले इलाकों में मक्की की कटाई प्रभावित होने की आशंका है। किन्नौर को छोड़कर राज्य के अधिकतर सेब उत्पादक क्षेत्रों में सेब सीजन अंतिम चरण में है, जबकि किन्नौर में सेब सीजन शुरू होने वाला है। शिमला, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को भी खराब मौसम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। आंधी, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है।

मंगलवार को राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है, जबकि कई क्षेत्रों में बादल छाए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान शिमला जिले के सराहन में सबसे अधिक 17 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम तापमान 4.9, केलांग में 7.4 और कल्पा में 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला की तुलना में मनाली में रातें अधिक गर्म रहीं। मनाली में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस और शिमला में 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Next Story