हिमाचल प्रदेश

क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाकर सरकार के खिलाफ धरने पर वीरेंद्र कंवर

Admindelhi1
3 Oct 2026 7:45 AM IST
क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाकर सरकार के खिलाफ धरने पर वीरेंद्र कंवर
x
इलाके की मांगों को लेकर पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर का धरना

ऊना: पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर के नेतृत्व में कुटलैहड़ सेवा संगठन एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बंगाणा में कुटलैहड़ के अधिकारों और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कंवर ने कहा कि आज महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती का यह दिवस हमें अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है और आज इन्हें नमन करते हुए हम कुटलैहड़ के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संघर्ष का आगाज़ कर रहे हैं। जनरल जोरावर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुटलैहड़ की अनदेखी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

इस दौरान वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेस सरकार पर कुटलैहड़ के साथ भेदभाव और विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता पिछले चार वर्षों से सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशान है। उनके अनुसार, भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है।कंवर ने कहा कि “नई सड़कें मिलना तो दूर, कुटलैहड़ में पहले से बनी सड़कों की हालत भी लगातार खराब होती जा रही है। स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।”उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और भय के माहौल के आरोप लगाते हुए कहा कि कुटलैहड़ की जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है। “हमने जनता की आवाज को सड़क तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। कुटलैहड़ के अधिकारों की यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और क्षेत्र की अनदेखी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज करवाया। इसके बाद कुटलैहड़ की समस्याओं और अधिकारों को लेकर एक घंटे का मौन अनशन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।कंवर ने कहा कि यह केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं, बल्कि कुटलैहड़ की जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब तक कुटलैहड़ को उसके अधिकार, विकास और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलतीं, तब तक जनता की आवाज को उठाया जाता रहेगा।

Next Story