हिमाचल प्रदेश

जूनियर कबड्डी में ऊना की ऐतिहासिक जीत, पहली बार हासिल किया खिताब

Admindelhi1
26 Oct 2026 9:58 AM IST
जूनियर कबड्डी में ऊना की ऐतिहासिक जीत, पहली बार हासिल किया खिताब
x
ऊना ने जूनियर कबड्डी में रचा नया इतिहास, 52 साल में पहली बार चैंपियन

ऊना: सोलन के ठोडो ग्राउंड में आयोजित जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में जिला ऊना की टीम ने इतिहास रच दिया है। 52 साल के इतिहास में पहली बार ऊना की जूनियर कबड्डी टीम प्रदेश चैंपियन बनी है। 22 से 23 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ऊना ने सिरमौर को 11 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत से जिले के कबड्डी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। ऊना की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने दमदार रेड, मजबूत डिफेंस और आपसी तालमेल के दम पर विरोधी टीमों को कड़ी चुनौती दी। फाइनल में भी ऊना के खिलाड़ियों ने अपने खेल से प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाए रखा और 11 अंकों के अंतर से जीत हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण की अहम भूमिका रही। अब ये टीम कोच लखविंद्र सिंह की देखरेख में बिहार के पाटलिपुत्र में एक नवंबर से चार नवम्बर तक होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेगी।

ऊना की विजेता टीम की कमान कैप्टन अरुणजोत ने संभाली। जबकि टीम में प्रिंस, मनजोत, जशनदीप, हरमन, मोहित, आयुष, मुश्ताक मोहम्मद, हर्षदीप, रोहन, परमिंदर, गुरप्रीत, निखिल और समर शामिल रहे। जिला ऊना कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान अश्वनी जोशी ने बताया कि 52 वर्षों में जिला ऊना पहली बार जूनियर कबड्डी का चैंपियन बना है। उन्होंने टीम की ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 52 साल के इतिहास में पहली बार जूनियर टीम का चैंपियन बनना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऊना के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Next Story