हिमाचल प्रदेश

Una: हरोली में कानून व्यवस्था मजबूत करना प्राथमिकता, एसएचओ ने जताया संकल्प

Admindelhi1
7 July 2026 11:40 AM IST
Una: हरोली में कानून व्यवस्था मजबूत करना प्राथमिकता, एसएचओ ने जताया संकल्प
x
हरोली में अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, एसएचओ ने बताई प्राथमिकताएं

ऊना: विधानसभा क्षेत्र हरोली को पूरी तरह से अपराध और नशा मुक्त बनाना ही प्राथमिकता रहेगी। साथ ही अवैध खानकारियों को भी सख्ती से निपटा जाएगा। यह बात हरोली थाना के नये एसएचओ अनूप कुमार ने सोमवार को अपना पदभार संभालने के बाद कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नही किया जाएगा। विशेष रूप से चिट्टा तस्करी, अवैध खनन (माइनिंग) और अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि हरोली का बड़ा हिस्सा पंजाब की सीमा से सटा होने के कारण यहां नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का खुफिया तंत्र भी और अधिक सक्रिय किया जाएगा, ताकि अपराध होने से पहले ही उस पर रोक लगाई जा सके।

थाना प्रभारी अनूप कुमार ने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होगी। विशेष रूप से युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले चिट्टा तस्करों तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

गौरतलब है कि हरोली प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे में नए थाना प्रभारी के पदभार संभालने के साथ ही लोगों को अपराध नियंत्रण और नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद है।

बता दें कि अनूप कुमार हमीरपुर जिला के रहने वाले हैं और पिछले करीब छह सालों से पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।

Next Story