हिमाचल प्रदेश

Una: सफाईकर्मी की बेटी की बड़ी सफलता, नीट में एससी श्रेणी में 449वीं रैंक

Admindelhi1
18 July 2026 8:15 AM IST
Una: सफाईकर्मी की बेटी की बड़ी सफलता, नीट में एससी श्रेणी में 449वीं रैंक
x
सफाईकर्मी की बेटी बनी मिसाल, नीट में पाई शानदार सफलता

ऊना: आर्थिक तंगी और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उपमंडल बंगाणा के गांव थाना कलां की होनहार छात्रा समीक्षा ने नीट-यूजी 2026 में शानदार सफलता हासिल कर जिला ऊना का नाम रोशन किया है। समीक्षा ने 720 में से 577 अंक प्राप्त करते हुए एससी वर्ग में 449वीं रैंक और ऑल इंडिया रैंक 19,653 हासिल की है।

समीक्षा ने दसवीं कक्षा में 97.86 प्रतिशत तथा बारहवीं (मेडिकल) में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। बारहवीं के बाद उन्होंने ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से नीट की तैयारी की और कठिन परिश्रम के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।

समीक्षा के पिता का करीब आठ वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनकी माता सोना देवी, जो स्वास्थ्य विभाग में सफाई कर्मचारी हैं, ने सीमित आय के बावजूद अपनी तीनों बेटियों की पढ़ाई जारी रखी। बड़ी बहन निकिता बी.एड. कर रही हैं, जबकि दूसरी बहन बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं।

समीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता, बहनों और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य डॉक्टर बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।

नीट में शानदार सफलता पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां के प्रधानाचार्य संजीव पराशर तथा विद्यालय के स्टाफ ने समीक्षा को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उनकी सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

Next Story