हिमाचल प्रदेश

शिमला में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, चौड़ा मैदान में डंगा ढहने से घरों में घुसा मलबा

Shantanu Roy
31 July 2022 9:44 AM GMT
शिमला में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, चौड़ा मैदान में डंगा ढहने से घरों में घुसा मलबा
x
बड़ी खबर

शिमला। शिमला में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा कर रख दी है। शनिवार को जगह-जगह पर भूस्खलन होने से शहर अस्त-व्यस्त हो गया। शहर के चौड़ा मैदान इलाके में सड़क का डंगा ढहने से मलबा साथ लगते सरकारी आवासों में जा घुसा है। इस दौरान आवासों में माैजूद लोग बाल-बाल बचे। उन्होंने बताया कि जैसे ही डंगा ढहने की आवाजें सुनीं तो वे अपने मकानों से बाहर आ गए। इस दौरान डंगे का सारा मलबा घरों में घुस गया है, जिससे घरों के भीतर रखा सारा सामान खराब हो गया और छत और दीवारें भी पूरी तरह से टूट गई हैं। इस हादसे में कई परिवार बेघर हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि प्रशासन को कई बार पहले भी सड़क के डंगे बारे शिकायत की गई थी लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ितों ने इस हादसे की शिकायत 1100 मुख्यमंत्री हैल्पलाइन नंबर पर भी की है लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई फौरी राहत पीड़ित परिवारों को नहीं दी गई है। मौके पर अधिकारी पहुंचे हैं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

दिनभर जगह-जगह होता रहा भूस्खलन
शुक्रवार रात से ही शिमला में बारिश का सिलसिला जारी है जो शनिवार को भी जारी रहा। दिनभर जगह-जगह पर भूस्खलन होता रहा। चम्याणा में भूस्खलन होने से मलबा सड़क पर आ गिरा, इससे रास्ता बंद हो गया है। कुफरी की तरफ जाने के लिए रास्ते में मलबा गिरने से ट्रैफिक बाधित हुआ। शिमला से कांगड़ा को जाने वाली सड़क पर घंडल के पास अस्थायी पुल के नीचे से भूस्खलन के बाद मिट्टी खिसक रही है। इससे लोगों को इससे ऊपर से वाहन ले जाने में भी डर लगने लगा है। शिमला में शनिवार को तेज बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी। जिला प्रशासन किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है लेकिन लोगों को भी प्रशासन का सहयोग करना होगा।
चक्कर कोर्ट रोड में बने भवन को खतरा
बारिश के चलते भूस्खलन होने से कोर्ट रोड चक्कर में एक बहुमंजिला भवन को खतरा पैदा हो गया है। खतरे को देखते हुए भवन को खाली करवा दिया गया है। भूस्खलन होने की सूचना जिला आपदा प्रबंधन को दी गई है। शहर में अलग-अलग जगह पर घरों में पानी घुसने की सूचना भी मिली है। शिमला शहर के सबसे सिंकिंग जोन माने जाने वाले कच्चीघाटी और ढली बाईपास में भी भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है, ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बरसात में सतर्कता बरतें।
Shantanu Roy

Shantanu Roy

    Next Story