हिमाचल प्रदेश

एसओएस परीक्षा देने वालों को पीसीपी कक्षाओं में आना जरूरी

Admindelhi1
27 Oct 2026 10:22 AM IST
एसओएस परीक्षा देने वालों को पीसीपी कक्षाओं में आना जरूरी
x
एसओएस परीक्षाओं को लेकर पीसीपी कक्षाओं की हाजिरी पर सख्ती

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मार्च 2027 परीक्षा सत्र के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के अंतर्गत फ्रेश एडमिशन एवं अतिरिक्त विषय श्रेणी में नामांकित अभ्यर्थियों के लिए व्यक्तिगत संपर्क कार्यक्रम की कक्षाओं में उपस्थिति अनिवार्य होगी।

उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पीसीपी कक्षाएं 1 फरवरी से 18 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी संबंधित अध्ययन केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पीसीपी कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करें तथा इसकी रिपोर्ट 19 फरवरी, 2027 तक बोर्ड कार्यालय में जमा करवाएं। निर्धारित पीसीपी कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित न करने वाले अध्ययन केंद्रों तथा कक्षाओं में अनुपस्थित रहने वाले संबंधित अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी नहीं किए जाएंगे।

डॉ. शर्मा ने आगे बताया कि सभी निजी एसओएस अध्ययन केंद्रों को निर्धारित अध्ययन केंद्र नवीनीकरण शुल्क 31 मार्च, 2027 तक बोर्ड कार्यालय में जमा करवाना अनिवार्य है। निर्धारित समयावधि में शुल्क जमा न करवाने की स्थिति में संबंधित अध्ययन केंद्र का परीक्षा परिणाम रोक दिया जाएगा तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही परिणाम जारी किया जाएगा।

Next Story