हिमाचल प्रदेश

शिमला में विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का आगाज, राज्यपाल ने किया शुभारंभ

Admindelhi1
20 Nov 2026 5:27 PM IST
शिमला में विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का आगाज, राज्यपाल ने किया शुभारंभ
x
पर्यटन विकास से पर्यावरण को नुकसान नहीं होना चाहिए: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में शुक्रवार को विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन का शुभारंभ हुआ। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने ट्रैवल एंड टूरिज्म बाजार, कोलकाता की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसी प्रदर्शनियां पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, नए अवसर तलाशने और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के बीच साझेदारी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय 'यात्रा एवं पर्यटन उद्योग में सतत विकास का महत्व' वर्तमान परिस्थितियों में बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने जोर दिया कि पर्यटन के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के कारण प्रदेश के वनों, नदियों, जल स्रोतों और पर्वतों पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ना चाहिए। पर्यटन का विकास इस प्रकार होना चाहिए कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रदेश की सुंदरता बनी रहे।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि पर्यटन का उद्देश्य केवल पर्यटकों को आकर्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें स्वच्छ, समृद्ध और यादगार अनुभव प्रदान करना भी होना चाहिए। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे तथा हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

उन्होंने प्रदर्शनी के आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इस वर्ष गोवा की उल्लेखनीय भागीदारी की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और गोवा को इस आयोजन के माध्यम से पर्यटन से जुड़े अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा। इससे पर्यटन के नए क्षेत्रों और संभावनाओं पर विचार किया जा सकेगा।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और साहसिक पर्यटन के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। प्रदेश के पर्वत, नदियां, झीलें, वन, ऐतिहासिक स्थल और स्थानीय जीवनशैली पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटन रोजगार, उद्यमिता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने 'वोकल फॉर लोकल' और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहन देने की भावना को बढ़ावा मिलता है।

राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाने में सहायक होगी। इससे नए विचारों, सहयोग और साझेदारियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को जिम्मेदार, सतत और गुणवत्तापूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों के हितों का ध्यान रखना आवश्यक है।

Next Story