- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- सोशल मीडिया पर वायरल...
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, शिक्षा विभाग ने शिक्षक को किया निलंबित

नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में सरकारी स्कूल में शिक्षक के देरी से पहुंचने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। शिक्षा खंड सतौन के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा लवागो में निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के आरोपों से घिरे शिक्षक को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह मामला 13 नवंबर को उस समय चर्चा में आया, जब सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया चैनलों पर स्कूल में शिक्षक के देरी से पहुंचने से जुड़ा वीडियो सामने आया। वीडियो में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल की व्यवस्था को लेकर अपना विरोध जताते नजर आए थे। इसके बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पर भी दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई गईं।
जानकारी के अनुसार राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा लवागो में दो अध्यापक कार्यरत हैं। घटना वाले दिन इनमें से एक अध्यापक खंड स्तरीय बाल मेले में भाग लेने के लिए सतौन गए हुए थे। वहीं, दूसरे अध्यापक पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने निर्धारित समय पर स्कूल नहीं पहुंचने का आरोप लगाया था।
मामले को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
शिकायतों और सामने आए तथ्यों को देखते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय शिक्षा खंड प्रारंभिक कार्यालय रोनहाट निर्धारित किया गया है।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। जांच अधिकारी पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेंगे और फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट तैयार करेंगे।
उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति और जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





