- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- सरकार बनने के बाद...
हिमाचल प्रदेश
सरकार बनने के बाद सरकार गिराने का सिस्टम गलत : विक्रमादित्य सिंह
Shantanu Roy
19 Nov 2022 9:39 AM GMT

x
बड़ी खबर
शिमला। देश में किसी भी प्रदेश सरकार को बनने के बाद गिराने के लिए गलत हथकंड़े अपनाए जाने का सिस्टम गलत है। ऐसा किया जाना सीधेतौर पर लोकतंत्र की हत्या है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को हॉलीलाज में आयोजित पत्रकार वार्ता में ये बात कही। उन्होंने कहा कि जनमत को दरकिनार कर ईडी, आयकर और अन्य एजैंसियों के सहारे जीते हुए विधायकों पर दवाब बनाने के प्रयास कई राज्यों में देखने को मिल चुके हैं। ऐसा सिस्टम देवभूमि हिमाचल में देखने को न मिले, ये भगवान से प्रार्थना करते हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की 40 से 42 सीटों पर जीत तय है, बावजूद इसके सभी पहलुओं को देखते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष द्वारा हाईकमान से आग्राह किया जाएगा कि पर्यवेक्षकों की एक टीम हिमाचल भेजी जाए ताकि किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि चुनाव में कई आजाद प्रत्याशी भी उतरे हैं और कुछ बागी भी हैं, ऐसे में किसी पर भी दवाब बनाने के लिए यहां भी हथकंड़े अपनाए जाने से इंकार नहीं किया जा सकता।
भाजपा नेताओं का बयान दुर्भाग्यपूर्ण
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं का ये बयान दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस शासित प्रदेश को केंद्र से सहायता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की बौखलाहट और नाकारात्मक सोच को दर्शाता है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने लक्ष्मण रेखा लांघने में कोई कसर नहीं छोड़ी और राजनीतिक आधार पर सत्ताधारी दल का लाभ पहुंचाने तक के प्रयास किए। अधिकारियों को राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखना चाहिए बल्कि अपने कर्तव्य का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सभी को अलर्ट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रामपुर से जुड़े मामले में हुई कार्रवाई का कांग्रेस स्वागत करती है लेकिन ऐसे मामले सामने आना चिंतनीय है।
Next Story