हिमाचल प्रदेश

बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्रों की कवायद तेज, नवीनीकरण के 2235 आवेदन

Admindelhi1
10 Nov 2026 3:15 PM IST
बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्रों की कवायद तेज, नवीनीकरण के 2235 आवेदन
x
परीक्षा केंद्रों को लेकर हलचल तेज, 2235 केंद्रों ने नवीनीकरण की प्रक्रिया अपनाई

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मार्च 2027 में आयोजित होने वाली बोर्ड की नियमित परीक्षाओं के लिए दिनांक 31 अक्टूबर, 2026 तक प्रदेश के कुल 2,235 परीक्षा केंद्रों ने प्रतिधारण/नवीनीकरण हेतु आवेदन किया है, जबकि मार्च 2026 की परीक्षाओं के लिए प्रदेश में कुल 2,384 नियमित परीक्षा केंद्र निर्धारित थे।

उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा मार्च 2026 की परीक्षाओं के लिए नियमित परीक्षा केंद्र के रूप में निर्धारित स्कूलों व संस्थानों से मार्च 2027 की परीक्षाओं हेतु प्रतिधारण/नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य आगामी परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करना तथा परीक्षा संचालन को सुचारू रूप से संपन्न करवाना है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा आवेदन करने के लिए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार 1 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक बिना विलंब शुल्क आवेदन करनेका अवसर दिया गया था। इसके बाद 1 से 15 अक्टूबर, 2026 तक 1,000 विलंब शुल्क तथा 16 से 31 अक्टूबर, 2026 तक 2,000 विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन करने का प्रावधान किया गया था।

उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर, 2026 के बाद प्रतिधारण/नवीनीकरण से संबंधित प्राप्त होने वाले मामलों पर सचिव व अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की अनुमति के उपरांत ही विचार किया जाएगा। ऐसे मामलों में 5,000 विलंब शुल्क के साथ-साथ सचिव व अध्यक्ष द्वारा निर्धारित अतिरिक्त जुर्माना भी देय होगा।

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी संबंधित स्कूलों एवं संस्थानों से आग्रह किया कि वे परीक्षा केंद्रों के संचालन एवं नवीनीकरण से संबंधित बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि आगामी मार्च 2027 की परीक्षाओं के आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Next Story