हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के नाहन-शिमला हाईवे पर चट्टानें टूटने का सिलसिला 24 घंटे से जारी

Admin Delhi 1
29 July 2022 1:44 PM GMT
हिमाचल के नाहन-शिमला हाईवे पर चट्टानें टूटने का सिलसिला 24 घंटे से जारी
x

नाहन न्यूज़: देहरादून को हिमाचल की राजधानी शिमला से वाया नाहन शार्ट दूरी से जोड़ने वाले हाईवे पर नैनाटिक्कर के नजदीक चट्टानों के टूटने का सिलसिला जारी है। नाहन- शिमला नेशनल हाईवे शुक्रवार सुबह भी दो घंटे फिर बंद रहा। वीरवार रात भी भूस्खलन के कारण ट्रैफिक बाधित हुआ। 24 घंटे के भीतर इस जगह पर तीन बार भूस्खलन हुआ है। ये सिलसिला वीरवार तड़के शुरू हुआ था। जेसीबी मशीनों द्वारा एनएच को कुछ समय के लिए बहाल किया गया। मगर फिर भूस्खलन से हाईवे बंद हो गया। शुक्रवार दोपहर तक मलबा हटाने कार्य चलता रहा। आधे से एक घंटे तक वाहनों को रोक कर मलबा हटाया जा रहा था। उसके बाद वाहनों को क्रॉस करवाया गया। जेसीबी से मलबे को हटाए जाने का क्रम दिन भर जारी रहा।

बता दें कि वीरवार सुबह 7:00 बजे से 1:00 बजे तक हाईवे सादना घाट में विशाल चट्टानें टूटने से ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहा। बाद में 4 जेसीबी व 2 ब्रेकर द्वारा हाईवे को बहाल किया गया था। वीरवार रात 9:00 बजे फिर से उसी जगह पर हाईवे बंद हो गया। रात 11:00 बजे तक इसे बहाल कर लिया गया। शुक्रवार सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक हाईवे फिर बंद रहा। इस दौरान तीन जेसीबी मशीनों व एक ब्रेकर ने हाईवे को बहाल किया। हाईवे अवरुद्ध होने की वजह से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

उधर, नेशनल हाईवे सराहां सब डिवीजन के सहायक अभियंता आर एल भाटिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक बार फिर भारी लैंडस्लाइड हुआ। जेसीबी मशीनों द्वारा दो घंटे में हाईवे बहाल कर दिया गया। उसके बाद कुछ समय यातायात रोककर मलबा हटाने का कार्य किया गया।

Next Story