हिमाचल प्रदेश

आंदोलन से घबराई मोदी सरकार, सुक्खू ने साधा निशाना

Admindelhi1
10 Oct 2026 1:12 PM IST
आंदोलन से घबराई मोदी सरकार, सुक्खू ने साधा निशाना
x
वोट चोरी के आरोपों पर केंद्र को घेरते हुए बोले सुक्खू

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में आंदोलन को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को दिल्ली से शिमला पहुंचने पर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आंदोलन से डर गई है। इसी वजह से दिल्ली में इंटरनेट से लेकर रेलवे स्टेशन तक सब कुछ बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आवाज दबाने और इस तरह की पाबंदियां लगाने से आंदोलन उग्र हो जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को वोट चोरी की गलती स्वीकार करनी चाहिए और उसमें सुधार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को आंदोलन करने की अनुमति दी जानी चाहिए थी। इसके लिए रामलीला मैदान या किसी अन्य स्थान पर अनुमति दी जा सकती थी।

सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी उनकी सरकार के खिलाफ आंदोलन होते हैं, लेकिन सरकार ने सभी को प्रदर्शन करने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ केंद्र सरकार के व्यवहार को भी अशोभनीय बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगी और वह भी इसमें शामिल होंगे।

सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोटों की चोरी कर सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से वोट चोरी के आरोपों पर गलती स्वीकार करने और सुधार करने की मांग दोहराई।

Next Story