हिमाचल प्रदेश

घर वाले करने जा रहे थे नाबालिग बेटी की शादी

Shantanu Roy
12 Feb 2023 10:45 AM GMT
घर वाले करने जा रहे थे नाबालिग बेटी की शादी
x
गगरेट। विधानसभा क्षेत्र गगरेट के बड़ोह गांव में प्रशासन के दखल से नाबालिग लड़की का विवाह रुकवाया गया। समेकित बाल विकास परियोजना की पर्यवेक्षक रमा कुमारी को इस विवाह का पता चलने पर उसने तत्काल इसकी शिकायत डीसी राघव शर्मा से की। डीसी ने तत्काल प्रशासनिक अमले को हरकत में आने के निर्देश दिए। डीसी राघव शर्मा ने एसडीएम सौमिल गौतम को तत्काल शादी रुकवाने के निर्देश दिए। शनिवार को जब तहसीलदार रोहित कंवर, नायब तहसीलदार प्रकाश चंद व पुलिस थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह के साथ किशोरी के घर पहुंचे तो वहां विवाह की तैयारियां चल रहीं थी। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया तो एक बार तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस पर पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद लड़की व लड़के वाले शादी टालने को राजी हुए। इसके बाद वहां से टैंट आदि हटाए गए। बताया जा रहा है कि किशोरी की उम्र रिकाॅर्ड के अनुसार अभी 16 साल 4 माह है। तहसीलदार रोहित कंवर ने बताया कि कम आयु होने के चलते यह शादी गैर-कानूनी थी और दोनों पक्षों को समझाकर अब इसे रुकवा दिया गया है।
Next Story