- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हिमाचल में सर्दी का...
हिमाचल में सर्दी का असर तेज, दो शहरों में तापमान शून्य से नीचे

शिमला: हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड बढ़ने लगी है। लाहौल-स्पीति के केलांग और कुकुमसेरी में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री और कुकुमसेरी में माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी शिमला में भी तापमान गिरने से रातें ठंडी हो गई हैं। शिमला में बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। हालांकि शनिवार सुबह से पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। शिमला और मनाली में धूप खिली है। मौसम विभाग के अनुसार 23 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले के शिलारू में सबसे अधिक 18 मिलीमीटर बारिश हुई। रामपुर में 7 मिलीमीटर और कुफरी में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मंडी जिले के पंडोह और चंबा जिले के जोत में 2-2 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हुई। शनिवार को मौसम साफ रहने से पहाड़ी क्षेत्रों में धूप खिली रही, हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शनिवार को कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा दर्ज किया गया केंद्र रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद केलांग में माइनस 0.7 डिग्री और ताबो में 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कल्पा में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री और कुफरी में 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के अन्य मौसम केंद्रों में मनाली का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, शिमला का 8.5 डिग्री, सोलन का 9.5 डिग्री, भुंतर का 9.5 डिग्री, बैजनाथ का 9.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी का 11 डिग्री, पालमपुर का 11 डिग्री, चंबा का 11.6 डिग्री, सुंदरनगर का 12.2 डिग्री, भरमौर का 12 डिग्री, कांगड़ा का 13.1 डिग्री, मंडी का 13.2 डिग्री, देहरा गोपीपुर का 14 डिग्री, नाहन का 14.6 डिग्री, ऊना का 14.7 डिग्री, बर्थिन का 14.7 डिग्री, बिलासपुर का 15.5 डिग्री, नेरी का 16.8 डिग्री और पांवटा साहिब का 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बीते 24 घण्टों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट आई। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे रहा। एक ही रात में राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री लुढ़क गया।
प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं होने से मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है।





