हिमाचल प्रदेश

पेयजल योजनाओं में गाद भरने से नहीं आ रही सप्लाई, भरी बरसात में हिमाचल प्यासा

Gulabi Jagat
24 July 2022 12:52 PM GMT
पेयजल योजनाओं में गाद भरने से नहीं आ रही सप्लाई, भरी बरसात में हिमाचल प्यासा
x
शिमला
मानसून के असर से हिमाचल में पेयजल संकट के हालात बन गए हैं। मुख्य शहरों समेत कई ग्रामीण इलाकों तक पानी पहुंचा रही योजनाएं ठप हैं। पेयजल के मुख्य स्रोतों पर मलबा गिरने की वजह से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। जलसंकट से जूझ रहे इलाकों में जल शक्ति विभाग ने कर्मचारियों की टीम मैदान में उतार दी है, जबकि राजस्व विभाग की मदद से नुकसान के आंकड़े भी जुटाए जा रहे हैं।
जल शक्ति विभाग को मानसून की वजह से अब तक करीब 153 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। मानसून को शुरू हुए अब तक करीब 22 दिन ही गुजरे हैं। विभाग को ज्यादा नुकसान अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में झेलना पड़ रहा है। कुल्ल, लाहुल-स्पीति, चंबा, किन्नौर और शिमला के कई क्षेत्र मानसून से प्रभावित हैं। पूरे प्रदेश भर की बात करें तो अब तक 450 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है।
हालांकि इसमें सबसे बड़ा आंकड़ा लोक निर्माण विभाग का है। पीडब्ल्यूडी को अब तक भू-स्खलन की वजह से 300 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता संजीव कौल ने बताया कि मानसून की वजह से हो रहे नुकसान के आंकड़े राजस्व विभाग की मदद से जुटाए जा रहे हैं, जबकि परियोजनाओं से गाद बाहर निकालने को कर्मचारियों की टीम तैनात की गई है।
58 ट्रांसफार्मर बहाल
बिजली बोर्ड के 58 ट्रांसफार्मर बंद हुए थे, जिन्हें 24 घंटे में बहाल कर लिया है। हालांकि इस दौरान दो करोड़ रुपए का नुकसान बिजली बोर्ड को झेलना पड़ा है। बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक पंकज डढवाल ने बताया कि मानसून की वजह से नुकसान हो रहा है। इस दौरान ट्रांसफार्मर बंद होने के मामले प्रदेश भर में सामने आए थे, लेकिन इन सभी को अब बहाल कर लिया गया है। बोर्ड ने 24 घंटे का समय निर्धारित किया है।
पीडब्ल्यूडी को 300 करोड़ का नुकसान
मानसून से लोक निर्माण विभाग को 300 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। भू-स्खलन से लगातार सडक़ें बंद हो रही हैं। प्रदेश भर में 14 सडक़ें इस समय बंद हैं। इनमें चंबा में सबसे ज्यादा पांच सडक़ें बंद हैं। इनमें डलहौजी में तीन, तीसा और सलूणी में एक-एक सडक़ पर भू-स्खलन हुआ है। कुल्लू में चार, मंडी में दो, कांगड़ा, लाहुल-स्पीति और सोलन जिला में एक-एक सडक़ बंद हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग के पास पिछले 24 घंटे के दौरान पहुंचे आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है।
Next Story