- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- पढ़ाई के बाद रोजगार...
हिमाचल प्रदेश
पढ़ाई के बाद रोजगार सृजित करने में सक्षम बनें विद्यार्थी : प्रो. धूमल
Shantanu Roy
23 Aug 2022 9:27 AM GMT

x
बड़ी खबर
हमीरपुर। वर्तमान दौर में तकनीकी शिक्षा का विशेष महत्व है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार भी कौशल विकास पर बल दे रही है, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार सृजित करने वाले बन सकें। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के 13वें स्थापना दिवस समारोह में कही। पूर्व मुख्यमंत्री ने तकनीकी वि.वि. के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. शशि कुमार धीमान ने की। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सी.एम. ने कहा कि किसी भी संस्थान को बनाने में शुरूआत में संघर्ष करना पड़ता है। पिछले 12 वर्ष तकनीकी वि.वि. के संघर्ष और सफलता के रहे हैं, जिसके लिए तकनीकी वि.वि. के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई है, जो इस विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में सफल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि तकनीकी वि.वि. की स्थापना वर्ष 2010 में की गई थी। उस दौरान हिमाचल के बच्चों को तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने के लिए बाहर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लोगों के सामने रखा है, जिसके परिणाम आने वाले समय में देश और समाज को देखने को मिलेंगे। इससे पूर्व मुख्यातिथि का कुलपति की अगुवाई में तकनीकी वि.वि. परिसर में स्वागत किया गया। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और विधायक नरेंद्र ठाकुर ने पौधे रोपित किए। स्थापना दिवस समारोह में तकनीकी वि.वि. की त्रैमासिक समाचार पत्रिका विज्ञान तकनीक प्रवाह का भी विमोचन किया गया। इस मौके पर तकनीकी वि.वि. के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर, अधिष्ठाता योजना व विकास प्रो. जयदेव, वित्त अधिकारी विजय सोफरा, दड़ूही पंचायत की प्रधान ऊषा बिरला सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।
संघर्ष के बाद स्थापित हुआ तकनीकी वि.वि. : नरेंद्र ठाकुर
हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि तकनीकी वि.वि. बड़े संघर्ष के बाद स्थापित हुआ था। शुरूआत में तकनीकी वि.वि. को यहां से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए प्रयास हुए थे, लेकिन स्थानीय पंचायत और तकनीकी वि.वि. के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयत्नों से विश्वविद्यालय यहां स्थापित हुआ है।
समाज के उत्थान के लिए तैयार करेंगे विद्यार्थी : कुलपति
कुलपति प्रो. शशि कुमार धीमान ने कहा कि पहली बार तकनीकी वि.वि. स्थापना दिवस पर सार्वजनिक रूप से समारोह मना रहा है। कुलपति ने मुख्यातिथि, विशिष्ट अतिथि सहित समारोह में आए सभी गण्यमान्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीकी वि.वि. में समाज और उद्योग की जरूरत के अनुसार विद्यार्थियों को तैयार किया जाएगा, जिससे तकनीकी वि.वि. से पढ़कर विद्यार्थी समाज के उत्थान व सेवा में योगदान दे सकें। 13वें साल में प्रवेश करते हुए तकनीकी वि.वि. एक संकल्प लेकर काम करेगा, जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति का क्रियान्वयन सबसे अहम होगा।
Next Story