हिमाचल प्रदेश

खेल जगत की हस्ती सुमन रावत ने थामा कांग्रेस का हाथ

Shantanu Roy
19 Aug 2022 9:41 AM GMT
खेल जगत की हस्ती सुमन रावत ने थामा कांग्रेस का हाथ
x
बड़ी खबर
शिमला। खेल जगत की जानी-मानी हस्ती व हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक पद से सेवानिवृत्त सुमन रावत मेहता ने वीरवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। होलीलॉज पहुंच कर उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता देवेंद्र बुशहरी भी उपस्थित रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाया और सदस्यता फार्म भरवाया। उन्होंने कहा कि सुमन रावत प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की जानी-मानी धाविका रही हैं और अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सुमन रावत के कांग्रेस पार्टी में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
वीरभद्र की प्रेरणा से खेल जगत में कमाया नाम
इस मौके पर सुमन रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान के उन्नत भारत को विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कांग्रेस पार्टी की नीतियों तथा मजबूत व दूरदर्शी सोच से आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। हिमाचल के 6 मर्तबा मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह काे अपना आदर्श बताते हुए सुमन रावत ने कहा कि उन्हीं की प्रेरणा से वह खेल जगत में एक अलग पहचान बनाने में सफल रही हैं।
Next Story